रांची: भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए रांची जिले में 26 सितंबर 2026 को सभी स्कूल बंद रहेंगे। जिला उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने जिले में संचालित सभी सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) और निजी विद्यालयों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। यह आदेश KG से लेकर कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों पर लागू होगा।

जिला प्रशासन ने यह फैसला भारत मौसम विज्ञान विभाग और भारत मौसम विज्ञान केंद्र के विशेष बुलेटिन के आधार पर लिया है। मौसम विभाग ने रांची जिले को येलो जोन में रखते हुए भारी बारिश की संभावना जताई है। इसी को देखते हुए प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर एक दिन के लिए स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया है।
शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मियों के लिए स्कूल बंद नहीं
स्कूलों में विद्यार्थियों की छुट्टी रहेगी, लेकिन सरकारी विद्यालयों में काम करने वाले शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मियों को अपनी ड्यूटी निभानी होगी। आदेश के मुताबिक, उन्हें 26 सितंबर को ई-विद्यावाहिनी में अनिवार्य रूप से अपनी उपस्थिति दर्ज करनी होगी और गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करना होगा।
अनिवार्य परीक्षा होने पर स्कूल प्रधान लेंगे फैसला
जिला प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि अगर इस अवधि के दौरान किसी विद्यालय में कोई अनिवार्य परीक्षा पहले से निर्धारित है, तो उसके संचालन को लेकर संबंधित विद्यालय के प्रधान अपने विवेक के अनुसार निर्णय लेंगे। प्रशासन ने भारी बारिश की आशंका को देखते हुए यह कदम आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 34 के तहत उठाया है। ऐसे में 26 सितंबर को रांची जिले के KG से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए स्कूल बंद रहेंगे।


