
गिरिडीह: झारखंड की प्रमुख राजनीतिक पार्टी झामुमो का 53वां स्थापना दिवस आज गिरिडीह में धूमधाम से मनाया जाएगा। यह भव्य समारोह सोमवार को शहर के प्रसिद्ध झंडा मैदान में आयोजित होगा, जिसे लेकर पार्टी की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं। पूरा शहर झामुमो के रंग में रंगा नजर आ रहा है और झंडा मैदान को विशेष रूप से सजाया गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके साथ उनकी पत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद रहेंगी। कार्यक्रम में गिरिडीह विधायक और राज्य के विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के अलावा पार्टी के कई मंत्री, सांसद और विधायक भी शिरकत करेंगे। खास बात यह है कि पहली बार झामुमो के मेयर और उप मेयर भी समारोह में उपस्थित रहेंगे।
गौरतलब है कि झामुमो का स्थापना दिवस हर वर्ष 4 मार्च को मनाया जाता रहा है, लेकिन इस बार होली के कारण तिथि में बदलाव किया गया है और अब यह समारोह 30 मार्च को आयोजित हो रहा है। वहीं, हर वर्ष दिशोम गुरु शिबू सोरेन की उपस्थिति इस आयोजन की विशेष पहचान रही है, लेकिन इस बार उनकी अनुपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। साथ ही, इस बार सांस्कृतिक कार्यक्रम भी नहीं होंगे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी को देखते हुए जिला प्रशासन और पार्टी कार्यकर्ताओं ने सुरक्षा और सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए हैं। ट्रैफिक नियंत्रण, पार्किंग, चिकित्सा व्यवस्था और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया है, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
