
रांची : राजद नेता तेजस्वी यादव 5 अप्रैल को रांची में रहेंगे। यहां राज्य के 24 जिलों के दस हजार कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे, तेजस्वी खुद कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। मंगलवार को ये बातें राजद के प्रदेश प्रवक्ता कैलाश यादव ने कहीं।
उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव के आगमन के उपलक्ष्य में डिबडीह स्थित कार्निवाल हॉल में स्वागत सम्मेलन किया जायेगा। उनके स्वागत में शहर में सैकड़ों तोरण द्वार लगेंगे। कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए पार्टी प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव, झारखंड सरकार में श्रम और उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव, राजद विधायक दल के नेता सुरेश पासवान, विधायक नरेश सिंह, पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता, पूर्व विधायक गौतम सागर राणा और कोडरमा से पूर्व प्रत्याशी सुभाष प्र यादव सहित प्रदेश के तमाम नेता एकजुटता के साथ लगे हैं। श्री यादव ने कहा कि अगले एक-दो दिन में और सूचनाएं सार्वजनिक की जायेंगी।

