
Jharkhand Health news : झारखंड ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति करते हुए राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) प्रमाणन में देश में तीसरा स्थान हासिल किया है। राज्य के स्वास्थ्य संस्थानों में गुणवत्ता सुधार की दिशा में तेज़ी से काम हुआ है, जिससे यह उपलब्धि संभव हो पाई है।
स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इस बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा, डीआईसी डॉ. सिद्धार्थ सान्याल समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
तेजी से बढ़ा गुणवत्ता प्रमाणन
* मार्च 2025 तक केवल 8% स्वास्थ्य संस्थान NQAS प्रमाणित थे
* मार्च 2026 तक यह आंकड़ा बढ़कर 56% पहुंच गया
राज्य सरकार ने लक्ष्य रखा है कि दिसंबर 2026 तक सभी स्वास्थ्य संस्थानों को NQAS प्रमाणित किया जाएगा।
प्रोत्साहन और सुविधाएं
सरकार द्वारा NQAS प्रमाणित अस्पतालों को कई तरह के वित्तीय प्रोत्साहन दिए जा रहे हैं—
* प्रति बेड ₹10,000 सालाना (3 वर्षों तक)
* इसमें से 25% राशि कर्मचारियों में वितरण
* शेष 75% राशि से अस्पतालों में सुविधाओं का विकास
* आयुष्मान भारत योजना के तहत मिलने वाली राशि में 15% अतिरिक्त बढ़ोतरी
मरीजों को मिल रहा सीधा लाभ
NQAS के तहत अस्पतालों में—
* बेहतर बुनियादी ढांचा
* दवाओं की नियमित उपलब्धता
* प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती
* आधुनिक जांच सुविधाएं
सुनिश्चित की जा रही हैं, जिससे मरीजों को गुणवत्तापूर्ण इलाज मिल रहा है।
स्वास्थ्य विभाग की नियमित मॉनिटरिंग और समीक्षा बैठकों के कारण यह सुधार तेजी से संभव हुआ है। इस उपलब्धि से सरकारी अस्पतालों के प्रति लोगों का भरोसा भी लगातार बढ़ रहा है।
