BREAKING: रांची के सिल्ली में चलते ट्रक में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी

सिल्ली थाना क्षेत्र में बॉक्साइट से लदा ट्रक अचानक आग की चपेट में, चालक और खलासी सुरक्षित बचाए जीवन, दमकल ने आग पर काबू पाया, पुलिस जांच जारी।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची (सिल्ली) : सिल्ली थाना क्षेत्र के कुलसूद नावाडीह के सामने गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया, जब बॉक्साइट लदा एक ट्रक अचानक आग की चपेट में आ गया। देखते ही देखते ट्रक धू-धू कर जलने लगा और कुछ ही पलों में आग का गोला बन गया। गनीमत रही कि चालक और खलासी ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली। जानकारी के अनुसार, बॉक्साइट से लदा ट्रक लोहरदगा से हिंडालको की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन कुलसूद नावाडीह के समीप पहुंचा, उसके पिछले हिस्से से अचानक धुआं और तेज लपटें उठने लगीं। आग तेजी से फैलती देख चालक और खलासी के होश उड़ गए, लेकिन उन्होंने बिना देर किए ट्रक को सड़क किनारे रोक दिया और तुरंत नीचे कूद पड़े।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। आसमान तक उठती लपटों और धुएं के गुबार को देखकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल सिल्ली थाना पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही सिल्ली थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग को तुरंत बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रक का बड़ा हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हो चुका था। प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है। चालक और खलासी के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।