
रांची (बुंडू) : आगामी 19 अप्रैल 2026 (अक्षय तृतीया) के पावन अवसर पर आयोजित होने वाले नौ दिव्य रात्रि अखण्ड हरिनाम कीर्तन सह मेला के सफल आयोजन को लेकर श्री श्री राधारानी मंदिर परिसर, बुंडू में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में राधारानी मंदिर स्थायी समिति, मौसीबाड़ी रथटांड़ समिति तथा 84 मौजा क्षेत्र के श्रद्धालु भक्त बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता समिति के उपाध्यक्ष विष्णु प्रामाणिक ने की। इस दौरान आयोजन को भव्य, व्यवस्थित और ऐतिहासिक बनाने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए। बैठक में स्थायी समिति के अध्यक्ष स्वर्गीय गणेश कुम्हार के निधन के बाद रिक्त पद पर सर्वसम्मति से अरुण कुमार जैन को नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
साथ ही निर्णय लिया गया कि 19 अप्रैल से 28 अप्रैल 2026 तक चलने वाले इस पावन धार्मिक आयोजन के दौरान 84 मौजा क्षेत्र में मांस, मछली और अंडा का सेवन पूर्णतः वर्जित रहेगा। इसके अलावा श्री श्री राधारानी मेला 2026 के सफल संचालन के लिए एक नई मेला समिति का भी गठन किया गया। मुख्य संरक्षक के रूप में सांसद कालीचरण मुंडा और विधायक विकास कुमार मुंडा को जिम्मेदारी दी गई है। विशिष्ट संरक्षक में राजकुमार बिंझिया (फेकला), जितेंद्र उरांव (बड़का) और रविन्द्र उरांव (लालू) शामिल हैं। संरक्षक मंडल में रंजीत लाहेरी, रंजीत मोदक, प्रमोद सिंह, ढोलु शर्मा और प्रकाश सूरज भगत को रखा गया है।
नई समिति में अध्यक्ष बबलू प्रजापति, सचिव रोशन महतो, कोषाध्यक्ष धनंजय प्रमाणिक, उपाध्यक्ष बबलू कुंडू और राजकिशोर कुशवाहा, उपसचिव जीतू महतो तथा उपकोषाध्यक्ष सौरभ नायक बनाए गए हैं। सदस्य के रूप में आकाश लायक, राकेश मछुवा, रोहित नायक, बाली उरांव, संजय महतो, पवन राणा और ललित साहू को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं मुख्य भंडारपाल मनोज कुंडू, भंडारपाल मोहित नायक और तुलसी भगत, तथा मुख्य अंकेक्षक पीयूष कुमार चेल के साथ अनूप कुमार चेल और राजीव लोचन महतो को अंकेक्षक बनाया गया है। बैठक में उपस्थित श्रद्धालुओं ने कहा कि इस वर्ष का आयोजन पहले से अधिक भव्य, दिव्य और ऐतिहासिक होगा। नौ दिनों तक चलने वाला यह अखण्ड हरिनाम कीर्तन सह मेला पूरे क्षेत्र में भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत वातावरण तैयार करेगा।
