
जामताड़ा: शनिवार को जयनगर से पुरी जा रही एक्सप्रेस ट्रेन में अचानक धुआं निकलने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। यह घटना जामताड़ा रेलवे स्टेशन से करीब एक किलोमीटर दूर सहाना गांव के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रेन के जनरल कोच से अचानक घना धुआं निकलते ही बोगी में बैठे यात्री डर गए। कुछ यात्री डर के मारे ट्रेन रुकते ही बाहर उतरकर इधर-उधर भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन हरकत में आया। मौके पर रेलवे का जांच दल तुरंत पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लिया। तकनीकी टीम धुएं के कारणों की जांच कर रही है।
शुरुआती जांच में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। प्रशासन यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और ट्रेन को सुरक्षित आगे रवाना करने में जुटा हुआ है। यात्रियों से अपील की गई है कि घबराएं नहीं और रेलवे के निर्देशों का पालन करें। यह घटना यात्रियों के लिए डरावना अनुभव जरूर रही, लेकिन रेलवे प्रशासन की त्वरित कार्रवाई ने बड़ी अनहोनी को टाल दिया।
