
Namkum Police Action : रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अड्डेबाजी और ड्रग्स तस्करी के खिलाफ चलाए गए अभियान में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने हाइटेंशन ग्राउंड इलाके में छापेमारी की, जहां से तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमीज राज, मो. अब्दुल और मो. जफीर के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि वे ड्रग्स तस्करी के साथ-साथ बकरी और गाय चोरी जैसी घटनाओं को भी अंजाम देते थे। बताया गया कि गुमला और पिठौरिया क्षेत्रों में भी वे चोरी की वारदात कर चुके हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी कार के जरिए ब्राउन शुगर की तस्करी करते थे और इसी वाहन का उपयोग पशु चोरी में भी किया जाता था। जांच में यह भी सामने आया है कि तीनों का आपराधिक इतिहास पहले से रहा है।
पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

