
Jamtara Cyber Crime : जामताड़ा पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय ठग गिरोह का पर्दाफाश किया है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता के निर्देश पर साइबर थाना टीम ने नारायणपुर थाना क्षेत्र के विष्टोपुर गांव स्थित मोचीटोली जंगल में छापेमारी की।
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया। इनके पास से 4 मोबाइल फोन और 9 सिम कार्ड बरामद किए गए, जिनका इस्तेमाल देशभर में ठगी के लिए किया जा रहा था।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी गूगल पर “TATA CARD” सर्च कर फर्जी तरीके से क्रेडिट कार्ड से जुड़ी जानकारी हासिल करते थे और फिर ई-वॉलेट के जरिए लोगों के खाते से पैसे उड़ा लेते थे। बताया जा रहा है कि इस गिरोह का नेटवर्क देश के कई राज्यों तक फैला हुआ था और ये लंबे समय से सक्रिय थे।
फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या मैसेज से सतर्क रहें और ऐसी स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि साइबर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

