
जामताड़ा: जामताड़ा जिले के पुलिस प्रशासन में बड़ा बदलाव किया गया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कई थाना प्रभारियों और पुलिस पदाधिकारियों का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया गया है। इस फेरबदल के तहत जिले के अलग-अलग थानों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। जानकारी के अनुसार, किशन कुमार को मिहिजाम थाना से हटाकर बागडेहरी थाना का प्रभारी बनाया गया है। वहीं प्रदीप राणा को बागडेहरी से मिहिजाम थाना भेजा गया है। इसके अलावा विकास कुमार यादव को बिंदापाथर से नाला थाना में स्थानांतरित किया गया है। चंदन कुमार तिवारी को करमाटांड़ थाना प्रभारी के पद से हटाकर पुलिस केंद्र भेजा गया है, जबकि राजीव रंजन कुमार को नाला थाना से हटाकर पुलिस केंद्र में पदस्थापित किया गया है। विवेकानंद दूबे को मिहिजाम थाना से हटाकर पुलिस कार्यालय के डीसीबी शाखा में तैनाती दी गई है।
नए थाना प्रभारियों को मिली जिम्मेदारी
अलखनाथ चौबे को जामताड़ा थाना से करमाटांड़ थाना का नया प्रभारी बनाया गया है। वहीं विनय कुमार यादव को नारायणपुर से बिंदापाथर थाना की कमान सौंपी गई है। पुलिस विभाग का कहना है कि हाल के दिनों में अपराध के बदलते स्वरूप और बढ़ती चुनौतियों को देखते हुए यह बदलाव किए गए हैं। हालांकि इसे एक रूटीन प्रशासनिक प्रक्रिया भी बताया जा रहा है।

