
Asha Bhosle Passes Away: संगीत जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। सुरों की मल्लिका और दिग्गज पार्श्व गायिका आशा भोसले का 92 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस ली।
जानकारी के अनुसार, 11 अप्रैल को तबीयत अचानक बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें चेस्ट इंफेक्शन और अत्यधिक थकान की शिकायत थी। स्थिति गंभीर होने के बाद उन्हें इमरजेंसी मेडिकल यूनिट में रखा गया, जहां डॉक्टरों की टीम लगातार उनका इलाज कर रही थी। हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका और उनका निधन हो गया।
उनके निधन की खबर सामने आते ही संगीत और फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई। देशभर में उनके प्रशंसक, संगीतकार और कलाकार सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। लोग उनके गाए हुए सदाबहार गीतों को याद कर रहे हैं, जिन्होंने कई पीढ़ियों को संगीत से जोड़ा।
आशा भोसले ने अपने लंबे और शानदार करियर में भारतीय संगीत को अनगिनत लोकप्रिय गीत दिए। उनकी आवाज़ ने हिंदी सिनेमा के स्वर्णिम दौर से लेकर आधुनिक संगीत तक अपनी अमिट छाप छोड़ी। चाहे रोमांटिक गीत हों, भजन हों या ग़ज़लें हर शैली में उनकी गायकी ने श्रोताओं के दिलों को छुआ।
उनका योगदान भारतीय संगीत इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा। उनके निधन को देश के लिए एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।

