
पटना : नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सोमवार को वंचितों और पिछड़ों के सशक्तिकरण तथा उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभानेवाले बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री बीपी मंडल को श्रद्धा सुमन अर्पित किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि भारतीय समाज को समावेशी और न्यायपूर्ण बनाने वाले मंडल आयोग के अध्यक्ष, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री स्व० बीपी मंडल जी को उनकी पुण्यतिथि पर कोटि-कोटि नमन और भावभीनी श्रद्धांजलि। सदियों तक हाशिए पर रहा उपेक्षित वर्ग सदैव आपका कृतज्ञ रहेगा। गौरतलब है कि बिंदेश्वरी प्रसाद मंडल (बीपी मंडल) (25 अगस्त 1918 – 13 अप्रैल 1982) बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री (1968) और एक प्रमुख राजनेता थे, जिन्हें भारत में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के आरक्षण के लिए जिम्मेदार मंडल आयोग के अध्यक्ष के रूप में याद किया जाता है। उन्होंने पिछड़ी जातियों के सामाजिक-शैक्षिक उत्थान में अहम भूमिका निभाई।

