
Gaya News : गया जिले में अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। सिंधुगढ़ थाना क्षेत्र के कर्मा रोड पर हुई इस घटना में भीड़ ने पुलिस पर जमकर पथराव किया, जिसके बाद हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को अवैध बालू लदे ट्रैक्टरों के आवागमन की गुप्त सूचना मिली थी। इसी आधार पर टीम मौके पर पहुंची और एक ट्रैक्टर को रोक लिया। हालांकि चालक ने चालाकी दिखाते हुए सड़क पर ही बालू खाली कर दिया, जिसके बाद स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए।
भीड़ का कहना था कि ट्रैक्टर खाली है, इसलिए पुलिस उसे जब्त नहीं कर सकती। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और देखते ही देखते स्थिति हिंसक झड़प में बदल गई। माफियाओं के कथित इशारे पर भीड़ ने पुलिस को घेर लिया और चारों तरफ से ईंट-पत्थर बरसाने लगे।
अचानक हुए हमले में एक पुलिस वाहन का शीशा टूट गया, जबकि पुलिसकर्मियों को पीछे हटना पड़ा। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए लाठीचार्ज किया, जिसके बाद उपद्रवी मौके से भाग निकले।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
थाना अध्यक्ष निलेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर लिया है और दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। साथ ही, वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि इलाके में अवैध बालू खनन लंबे समय से समस्या बना हुआ है और इस तरह की घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

