
नई दिल्ली : तमिलनाडु के विरुधुनगर के निकट एक पटाखा फैक्टरी में विस्फोट होने से 23 श्रमिकों की मौत हो गई। छह गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें से चार की हालत नाजुक है।
पुलिस ने रविवार को बताया कि यह विस्फोट ‘वनजा’ पटाखा फैक्टरी में हुआ। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि इस पटाखा निर्माण इकाई को नागपुर स्थित पेट्रोलियम और विस्फोटक सुरक्षा संगठन (पीईएसओ) से लाइसेंस मिला हुआ है। परिसर में कथित तौर पर 100 से अधिक श्रमिक काम कर रहे थे। विस्फोट का प्रभाव इतना भीषण था कि तीन कमरे मलबे में तब्दील हो गए और आसपास की कई इमारतें को भी भारी नुकसान पहुंचा। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि 23 शव बरामद हुए हैं, जिनमें से कई बुरी तरह जल चुके हैं और उनकी पहचान करना मुश्किल है। घायल छह लोगों में से तीन महिलाएं हैं और वे 60 प्रतिशत तक जल गई हैं। सूत्रों के अनुसार, अग्निशमन और बचाव कर्मियों ने कई घंटों तक आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन शुरुआती विस्फोट के काफी देर बाद भी पटाखे फटते रहने के कारण बचाव अभियान में काफी बाधा आई। आशंका है कि मलबे के नीचे भी श्रमिक फंसे हो सकते हैं।

