गुमला लापता बच्ची केस में हाईकोर्ट सख्त, पुलिस को 2 हफ्ते का अल्टीमेटम, नहीं तो CBI को सौंपा जाएगा केस

गुमला में 8 साल से लापता बच्ची मामले में हाईकोर्ट सख्त, पुलिस जांच पर नाराजगी जताई, 2 हफ्ते में प्रगति नहीं तो केस CBI को सौंपने की चेतावनी दी।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड हाईकोर्ट ने गुमला जिले में आठ साल से लापता एक बच्ची के मामले में पुलिस की जांच पर गंभीर नाराजगी जताई है। कोर्ट ने साफ कहा है कि अगर अगले दो हफ्तों में जांच में कोई ठोस प्रगति नहीं दिखी, तो केस की जांच CBI को सौंप दी जाएगी। सुनवाई के दौरान राज्य की डीजीपी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत में पेश हुईं। उन्होंने कोर्ट को अब तक की जांच और पुलिस की ओर से किए गए प्रयासों की जानकारी दी। हालांकि कोर्ट ने मौजूदा स्थिति पर असंतोष जताते हुए जांच में तेजी लाने के निर्देश दिए।

यह मामला गुमला जिले की एक छह साल की बच्ची से जुड़ा है, जो सालों पहले अचानक लापता हो गई थी। बच्ची की मां ने सितंबर 2018 में हाईकोर्ट में हेबियस कॉर्पस याचिका दाखिल कर बेटी की बरामदगी की मांग की थी। तब से यह मामला कोर्ट की निगरानी में चल रहा है।

पुलिस की ओर से बताया गया कि जांच के लिए एक नई स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) बनाई गई है। टीम ने बच्ची की तलाश में दिल्ली तक जाकर कई जगहों पर जांच की और अहम जानकारी जुटाने की कोशिश की। बच्ची की तस्वीरें भी अलग-अलग प्लेटफॉर्म और स्थानों पर साझा की गईं ताकि कोई सुराग मिल सके। इसके बावजूद अब तक बच्ची का कोई पता नहीं चल पाया है, जिससे मामला और गंभीर होता जा रहा है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।