
बर्लिन : जर्मनी के नॉर्थ राइन-वेस्टफेलिया राज्य के मोएर्स शहर में स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब 40 से अधिक लोगों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान कुछ लोग पेपर स्प्रे, चाकू, किरपान और कथित तौर पर हथियार लेकर पहुंचे थे। इस घटना में कम से कम 11 लोग घायल हो गए।
एनडीटीवी की एक रिपोर्ट के मुताबिक यह झड़प गुरुद्वारे के प्रबंधन और वित्तीय मामलों को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद के कारण हुई। हालांकि जर्मन पुलिस ने अभी तक झड़प के सटीक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह विवाद गुरुद्वारा कमेटी के पूर्व और वर्तमान सदस्यों के बीच चल रहा था। इसमें समुदाय के पैसे और गुरुद्वारे पर नियंत्रण को लेकर मतभेद शामिल हैं। एक गवाह ने बताया कि यह संघर्ष मुख्य रूप से प्रभाव और निर्णय लेने के अधिकार को लेकर था। घटना को देखते हुए पुलिस ने बड़े पैमाने पर कार्रवाई की। करीब 100 पुलिसकर्मियों के साथ डसेलडॉर्फ से स्पेशल टास्क फोर्स (SEK) को भी तैनात किया गया। इलाके को घेर लिया गया और हेलीकॉप्टर से निगरानी की गई।
गोलीबारी की सूचना के बाद सुरक्षाबलों ने गुरुद्वारे को सील कर दिया और अंदर संभावित हमलावर की तलाश में अभियान चलाया। हालांकि कोई हमलावर नहीं मिला, लेकिन एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है।
जांच एजेंसियां अब पूरे घटनाक्रम को समझने और दोषियों की पहचान करने में जुटी हैं। शुरुआती जांच में मौके से मिले कारतूस के आधार पर यह आशंका जताई जा रही है कि इस्तेमाल किया गया हथियार ब्लैंक-फायरिंग गन हो सकता है, हालांकि हथियार अभी तक बरामद नहीं हुआ है।

