
Jharkhand Treasury Scam : रांची में बहुचर्चित ट्रेजरी घोटाले की जांच अब तेज कर दी गई है। पंकज कंबोज की अगुवाई में 9 सदस्यीय विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है, जो मामले के आपराधिक पहलुओं की गहन जांच करेगी।
इस टीम में एक डीआईजी, दो एसपी, तीन डीएसपी और दो इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारी शामिल हैं। SIT का मुख्य फोकस अवैध निकासी के पीछे सक्रिय सिंडिकेट, फर्जी दस्तावेजों के नेटवर्क और इसमें शामिल अधिकारियों-कर्मचारियों की भूमिका की पहचान करना होगा।
राज्य सरकार ने इस घोटाले की जांच के लिए दो-स्तरीय व्यवस्था लागू की है। दूसरी जांच टीम अमिताभ कौशल के नेतृत्व में गठित की गई है, जो वित्तीय और तकनीकी पहलुओं की जांच करेगी। यह टीम ट्रेजरी सॉफ्टवेयर में मौजूद खामियों और उनके दुरुपयोग की पड़ताल करेगी।
जांच केवल दस्तावेजों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से सॉफ्टवेयर में हुई सेंधमारी और सुरक्षा चूक की भी जांच की जाएगी। यह भी देखा जाएगा कि यह घोटाला सीमित स्तर पर हुआ या इसके पीछे बड़ा नेटवर्क सक्रिय था।
गौरतलब है कि बोकारो और हजारीबाग समेत कई जिलों में ट्रेजरी से करोड़ों रुपये की अवैध निकासी का खुलासा हुआ है। मामले को गंभीरता से लेते हुए राज्य सरकार ने त्वरित और व्यापक जांच के निर्देश दिए हैं।

