
Delhi Airport Incident: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर रविवार देर रात एक बड़ा विमान हादसा टल गया। दिल्ली से ज्यूरिख जा रही स्विस इंटरनेशनल एयर लाइन्स की फ्लाइट LX147 के टेकऑफ के दौरान अचानक इंजन में खराबी आ गई और उसमें आग लग गई। पायलट की सूझबूझ से समय रहते उड़ान रोक दी गई, जिससे सैकड़ों यात्रियों की जान बच गई।
टेकऑफ के दौरान आई तकनीकी खराबी

जानकारी के मुताबिक, विमान रनवे पर टेकऑफ की प्रक्रिया में था और तेजी से गति पकड़ चुका था। तभी उसके एक इंजन में तकनीकी खराबी आई और आग की लपटें दिखाई देने लगीं। हालात गंभीर होते देख पायलट ने तुरंत टेकऑफ रद्द कर विमान को रोक दिया।
इमरजेंसी निकासी, यात्रियों में मची अफरा-तफरी
घटना के बाद सभी यात्रियों को तत्काल बाहर निकालने का निर्णय लिया गया। इमरजेंसी स्लाइड के जरिए यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया, जबकि कुछ को सीढ़ियों की मदद से बाहर लाया गया। अचानक हुई इस घटना से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि केबिन क्रू और एयरपोर्ट स्टाफ ने स्थिति को जल्द ही नियंत्रित कर लिया। इस दौरान 6 यात्री घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। सभी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
228 यात्री थे सवार

अधिकारियों के अनुसार, Airbus A330 विमान संख्या LX147 में कुल 228 यात्री और 4 शिशु सवार थे। राहत की बात यह रही कि सभी क्रू मेंबर्स पूरी तरह सुरक्षित हैं। बताया गया कि रात करीब 1:08 बजे उड़ान भरने की प्रक्रिया शुरू हुई थी, तभी इंजन में आग लगने की घटना सामने आई।
एयरलाइन का बयान और जांच शुरू
स्विस इंटरनेशनल एयर लाइन्स ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उड़ान रोक दी गई और विमान को खाली कराया गया। एयरलाइन यात्रियों के लिए वैकल्पिक उड़ानों और होटल में ठहरने की व्यवस्था कर रही है। साथ ही, घटना की जांच के लिए तकनीकी टीम गठित की गई है, जो इंजन में आग लगने के कारणों का पता लगाएगी।

