
Militant Attack : मणिपुर के उखरुल जिले में सोमवार को संदिग्ध उग्रवादियों की गोलीबारी में असम राइफल्स के दो जवानों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह घटना अपराह्न करीब 1.30 बजे पहाड़ी जिले के नुंगशांग खोंग इलाके में हुई, जब संदिग्ध उग्रवादियों ने अर्द्धसैनिक बल के काफिले पर घात लगाकर गोलीबारी कर दी।
राज्य के गृह मंत्री गोविंदास कोंथौजम ने सुरक्षा बलों पर हुए हमले की निंदा की और कहा कि ऐसी घटना अशांति से जूझ रहे राज्य में शांति और सद्भाव को बिगाड़ती है।
मंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैं उखरुल के नुंगशांग खोंग में 40 असम राइफल्स के काफिले पर हुए दुर्भाग्यपूर्ण हमले से बहुत दुखी हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ऐसी घटनाएं शांति और सद्भाव को बिगाड़ती हैं, जिसे कायम रखने का हम सभी प्रयास कर रहे हैं। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं घायल जवानों के साथ हैं, और मैं उनके जल्द और पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’
मंत्री ने भरोसा जताया कि सुरक्षा बल यह सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएंगे कि हमले के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानून के मुताबिक सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।

