नौकरी का झांसा देकर महिला से सामूहिक दुष्कर्म, मंत्री ने पीड़िता से मिलकर न्याय का भरोसा दिया

केरल की मंत्री बिंदु कृष्णन ने कोच्चि में स्पा में नौकरी का झांसा देकर सामूहिक दुष्कर्म की शिकार पीड़िता से अस्पताल में मुलाकात कर न्याय का भरोसा दिया।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

कोच्चि: केरलम की महिला एवं बाल विकास मंत्री बिंदु कृष्णन ने शनिवार को उस महिला से मुलाकात की जिसके साथ यहां एक स्पा में नौकरी दिलाने का झांसा देकर कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया गया। मंत्री ने पीड़िता को आश्वासन दिया कि सरकार उसे न्याय दिलाना सुनिश्चित करेगी।

पुलिस के अनुसार, एक युवती को स्पा में नौकरी दिलाने के बहाने यहां एडापल्ली स्थित एक लॉज में बुलाया गया था। आरोप है कि उसे बीयर और नशीले पदार्थ देने के बाद उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया।

पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

कृष्णन ने शनिवार शाम उस अस्पताल में पीड़िता से मुलाकात की, जहां उसका उपचार जारी है। उन्होंने महिला और उसके परिजनों से बातचीत भी की।

अस्पताल के बाहर संवाददाताओं से बातचीत में मंत्री ने कहा कि महिला की हालत में सुधार हो रहा है। उसकी स्त्री रोग संबंधी जांच पूरी हो चुकी है और संबंधित उपचार भी लगभग पूरा हो गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘यह एक बड़ा आघात है। इस घटना से हुआ मानसिक तनाव अब भी महिला को परेशान कर रहा है। अस्पताल में उसका उचित उपचार किया जा रहा है।’’

उन्होंने कहा कि डॉक्टर, विभिन्न सरकारी एजेंसियां और महिला के परिजन उसके स्वस्थ होने में मदद कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि महिला धीरे-धीरे सामान्य जीवन में लौट आएगी।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।