
रांची : झारखंड में भीषण गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य के कई हिस्सों में जल्द ही मौसम करवट ले सकता है। तेज हवाएं, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को राहत मिल सकती है। राजधानी रांची समेत कई जिलों में अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ सकता है। मौसम केंद्र ने बताया है कि 2 मई तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का यह बदला हुआ मिजाज बना रह सकता है। साथ ही मेघ गर्जन और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
पलामू रहा सबसे गर्म
रविवार को रांची का अधिकतम तापमान करीब 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं कई जिलों में इससे कम तापमान रहा। पलामू राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां पारा 44.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा सरायकेला में 42.5, पूर्वी सिंहभूम में 41.9 और गुमला में 40.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं बोकारो में 35.2 और जमशेदपुर में 37.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। संताल परगना के जिलों में पारा करीब 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहा।
तेज हवाएं, बारिश और वज्रपात का अलर्ट
27 अप्रैल से मौसम में बदलाव दिखने लगेगा। संताल परगना, रांची, बोकारो और हजारीबाग में 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ बारिश, ओलावृष्टि और वज्रपात की संभावना है। 28 और 29 अप्रैल को रांची और कोल्हान क्षेत्र में भी गरज के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं 30 अप्रैल से 2 मई तक पूरे झारखंड में आंधी, बारिश और वज्रपात का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें और सुरक्षित जगहों पर ही ठहरें।

