
Jharkhand Wushu Association : मोराबादी स्थित बिरसा मुण्डा स्टेडियम में झारखण्ड वुशू संघ द्वारा वर्ष 2025-26 सत्र के राष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर खिलाड़ियों को मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र देकर उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाना और उन्हें आगामी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए प्रेरित करना था।
समारोह में खास तौर पर कोयलांचल क्षेत्र के 12 वुशू खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन किया है। सम्मानित खिलाड़ियों में सितल कुमारी, तनु कुमारी, रौशनी कुमारी, प्राची कुमारी, अनिशा कुमारी, विद्या कुमारी, वाणी कुमारी, सुमो कुमारी, कशिश राज, शिवम उरांव, धनश्याम उरांव, राजकुमार और विकास महतो शामिल हैं।
कार्यक्रम के दौरान झारखण्ड वुशू संघ के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के सम्मान समारोह खिलाड़ियों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं और उन्हें भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं।
वहीं चतरा जिला वुशू संघ ने भी सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। संघ के प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि ये खिलाड़ी आगे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और बेहतर प्रदर्शन कर राज्य और देश का नाम ऊंचा करेंगे।

