
रांची : झारखंड में अब शहर के गरीब और जरूरतमंद लोगों को सस्ती और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में मदर टेरेसा एडवांस हेल्थ क्लीनिक के संचालन और प्रबंधन हेतु 18 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। यह निर्णय झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं कल्याण विभाग द्वारा लिया गया है, जिसका उद्देश्य शहरी गरीबों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है।
यह योजना पिछले पांच वर्षों से संचालित की जा रही है और अब इसे और व्यापक रूप दिया जा रहा है। राज्य के विभिन्न जिलों में कुल 140 क्लीनिक स्थापित किए जाएंगे, जिनमें रांची में 18, पूर्वी सिंहभूम में 17 और धनबाद में 16 क्लीनिक शामिल होंगे।
इन क्लीनिकों के संचालन का समय सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक निर्धारित किया गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।
इन क्लीनिकों में टीकाकरण, गर्भावस्था से पहले और बाद की जांच, उच्च रक्तचाप और मधुमेह की जांच, साथ ही मुंह, स्तन और गर्भाशय कैंसर की प्रारंभिक जांच जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रत्येक क्लीनिक में एमबीबीएस डॉक्टर, आयुष चिकित्सक, एएनएम और अन्य स्वास्थ्यकर्मी तैनात रहेंगे। इसके अलावा क्लीनिकों के बाहर उपलब्ध सेवाओं और डॉक्टरों की जानकारी प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा।
इस पहल को शहरी झुग्गी-झोपड़ी और कमजोर वर्ग के लोगों के लिए बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है, जिससे उन्हें अपने ही क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं आसानी से मिल सकेंगी।

