
चाईबासा : झारखंड के कोल्हान प्रमंडल के सारंडा जंगल इलाके में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, हेन्देदिरी में मंगलवार आधी रात को जंगल से निकले दो हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया। हाथी सीधे स्कूल परिसर में घुस गए और रसोईघर का दरवाजा तोड़ दिया।
रसोई में रखे बच्चों के मध्याह्न भोजन का पूरा सामान जैसे चावल, राशन और सब्जियां हाथियों ने खा डाला। इतना ही नहीं, उन्होंने वहां रखे अन्य सामान को भी बुरी तरह नुकसान पहुंचाया। इस घटना के बाद स्कूल की मिड-डे मील व्यवस्था पूरी तरह से ठप हो गई है।
राशन खत्म हो जाने की वजह से बुधवार को बच्चों को खाना नहीं मिल सका। स्कूल पहुंचे बच्चे डर के माहौल में पढ़ाई करते दिखे, वहीं अभिभावकों की चिंता भी बढ़ गई है। दुविल गांव के रहने वाले वीर सिंह हंसदा ने बताया कि यह स्कूल उनके गांव के हेन्देदिरी टोला में है। उनके मुताबिक, रात के समय दो हाथियों ने स्कूल में घुसकर काफी नुकसान किया।
ग्रामीणों का कहना है कि हाथी अभी भी आसपास के जंगलों में घूम रहे हैं, जिससे गांव में खतरा बना हुआ है। लोगों के बीच डर का माहौल है और कई बच्चे स्कूल जाने से भी कतराने लगे हैं। गांव वालों ने वन विभाग से तुरंत कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि हाथियों को जल्द से जल्द गांव से दूर जंगल की ओर खदेड़ा जाए, ताकि कोई बड़ा हादसा न हो और स्कूल की व्यवस्था फिर से सामान्य हो सके।

