रांची: राजधानी रांची में पिछले कई दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण आम जन-जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। लगातार बारिश की वजह से शहर के सभी प्रमुख डैम और नदियों का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। नामकुम इलाके में स्वर्णरेखा नदी उफान पर आ गई है, जिससे आसपास के क्षेत्रों में बाढ़ जैसी स्थिति बनने लगी है। नदी का जलस्तर इतना बढ़ चुका है कि पानी नामकुम रेलवे क्रॉसिंग स्थित पुल के ऊपर से बहने लगा है।

पुल जलमग्न होने के कारण इस मार्ग पर वाहनों और पैदल यात्रियों की आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गई है। यातायात ठप होने की वजह से स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और उन्हें लंबे वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है। जिस दूरी को तय करने में महज 300 मीटर पार करना था, अब लोगों को उसके लिए लगभग 4 किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ रहा है। स्वर्णरेखा नदी के बढ़ते रौद्र रूप को देखकर तटीय इलाकों में रहने वाले निवासियों के बीच डर का माहौल है। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन भी अलर्ट मोड पर आ गया है और पूरे स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।


