रांची: रांची जिले में बीते कुछ दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण फसलों को पहुंचे नुकसान को लेकर जिला प्रशासन गंभीर हो गया है। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने शनिवार को एक समीक्षा बैठक आयोजित कर प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों और नुकसान के त्वरित आकलन के निर्देश जारी किए हैं।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने अपर समाहर्ता, जिला कृषि अधिकारी एवं जिले के सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में बारिश से हुई क्षति का जमीनी सर्वेक्षण करें। जिला कृषि पदाधिकारी को विशेष रूप से निर्देशित किया गया है कि वे जलभराव और बारिश से क्षतिग्रस्त हुई फसलों का कुल क्षेत्रफल, प्रभावित किसानों की संख्या तथा अनुमानित आर्थिक नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट जल्द से जल्द प्रस्तुत करें, ताकि किसानों को समय पर सरकारी राहत और सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
इसके साथ ही रांची जिला प्रशासन ने आम नागरिकों और किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु ‘अबुआ साथी’ हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। बारिश या अन्य समस्याओं से जुड़ी अपनी जन शिकायतें दर्ज कराने के लिए नागरिक आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर 9430328080 पर संपर्क कर सकते हैं।


