स्वास्थ्य योजनाओं की मंत्री ने की समीक्षा, बोले -सहियाओं के मानदेय भुगतान में देरी बर्दाश्त नहीं

स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने सहियाओं के प्रोत्साहन भुगतान में देरी पर सख्ती दिखाई। मलेरिया नियंत्रण, डॉक्टरों की नियुक्ति और स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक जवाबदेह बनाने के निर्देश दिए।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन नामकुम में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और जवाबदेह बनाने पर जोर दिया। बैठक के दौरान मंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि भविष्य में राज्य सरकार द्वारा सहियाओं को दिए जाने वाले विशेष प्रोत्साहन राशि के भुगतान में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि यह राशि सीधे राज्य मुख्यालय स्तर से भेजी जाए, ताकि भुगतान प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और समयबद्ध हो सके। इसके साथ ही उन्होंने सहियाओं को जल्द से जल्द टैब उपलब्ध कराने और राज्य के स्वास्थ्य संस्थानों में डॉक्टरों के रिक्त पड़े पदों को शीघ्र भरने का भी निर्देश अधिकारियों को दिया।

समीक्षा बैठक में राष्ट्रीय मलेरिया नियंत्रण कार्यक्रम की प्रगति का जायजा लेते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने निर्देश दिया कि मलेरिया पीड़ित मरीजों को तुरंत दवाएं उपलब्ध कराई जाएं और प्रभावित क्षेत्रों में जल्द से जल्द मच्छरदानियों का वितरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने मलेरिया नियंत्रण से जुड़ी गतिविधियों की जमीनी स्तर पर नियमित निगरानी करने के आदेश दिए। बैठक में कम खर्च वाली योजनाओं और वित्तीय प्राथमिकताओं पर भी चर्चा की गई, जहां निर्धारित लक्ष्य की तुलना में कम खर्च होने पर मंत्री ने असंतोष जताया और अधिकारियों को उपलब्ध बजट का सही और समय पर उपयोग करने का निर्देश दिया। इस बैठक में अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा और निदेशक वित्त सहित स्वास्थ्य विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।