
रांची: झारखंड के चर्चित बोकारो ट्रेजरी घोटाले (फर्जी वेतन निकासी मामले) में अब एक और बड़ा एक्शन सामने आया है। इस मामले की जांच कर रही सीआईडी टीम ने बोकारो एसपी ऑफिस के अकाउंट सेक्शन में काम कर रही महिला कर्मचारी काजल मंडल को हिरासत में लिया है। हिरासत में लेने के बाद सीआईडी टीम काजल मंडल को पूछताछ के लिए रांची ले गई है। बता दें कि बोकारो ट्रेजरी से करोड़ों रुपये की अवैध निकासी का मामला सामने आने के बाद पुलिस और सरकारी विभागों में हड़कंप मच गया था।
जांच के दौरान चौंकाने वाली बातें सामने आईं। पता चला कि ट्रेजरी के कुछ अधिकारियों और पुलिस विभाग के कर्मचारियों की मिलीभगत से फर्जी पुलिसकर्मियों और अन्य कर्मियों के नाम पर वेतन निकाला जा रहा था। इस पूरे मामले में अब तक करीब 10 करोड़ रुपये के मनी ट्रेल का खुलासा हो चुका है, जिससे घोटाले की गंभीरता और भी बढ़ गई है।

