
- गांव को स्कूल की देंगे सौगात
- भरनो प्रखंड के डुड़िया स्थित रात्रि पाठशाला का भी किया दौरा
रांची : आताकुरा टोंका टोली गांव को आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता। इस गांव को जल्द ही एक नये स्कूल की सौगात मिलेगी। रविवार को ये बातें पूर्व आइपीएस अधिकारी और सीसीएल के स्वतंत्र निदेशक डॉ अरुण उरांव ने कहीं। वे इस गांव में चल रहे बाबा कार्तिक उरांव रात्रि पाठशाला की गतिविधियों का जायजा लेने यहां पहुंचे थे।
श्री उरांव ने कहा कि जिस घर में कोई भी एक बच्चा पढ़-लिखकर आगे निकल जाए, उस घर की दूसरी पीढ़ी को आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता। मेरा तो ये मानना है कि हर घर में कार्तिक उरांव पैदा हो सकता है। डॉ अरुण उरांव ने कहा कि इस गांव से जैसे ही कोई आदमी पढ़-लिखकर बड़ा आदमी बनेगा, फिर तो लाइन लग जायेगी और गांव में बदलाव दिखेगा।
इसके बाद श्री उरांव भरनो प्रखंड के डुड़िया स्थित रात्रि पाठशाला पहुंचे। यहां शिक्षिका पुष्पा और कर्मी उरांव बच्चों का भविष्य संवारने में जुटी हुई हैं। यहां की व्यवस्था से वे संतुष्ट दिखे। इस रात्रि पाठशाला में बच्चों के लिए एक छोटी सी लाइब्रेरी भी है। पाठशाला दो कमरों की है जिसमें बच्चों के पढ़ने की व्यवस्था अच्छी है। गौरतलब है कि डॉ अरुण उरांव के नेतृत्व में रांची, गुमला और लोहरदगा में 141 रात्रि पाठशालाएं संचालित की जा रही हैं और उनमें करीब 7000 बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा रही है।

