
दुमका : दुमका जिले के गोपीकांदर थाना क्षेत्र में कुश्चिरा बायपास के पास स्टेट हाईवे पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बिस्किट से लदा एक कंटेनर अचानक आग की चपेट में आ गया। बताया जा रहा है कि कंटेनर ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार के संपर्क में आ गया, जिसके बाद देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। लपटें इतनी तेज थीं कि कंटेनर का केबिन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। इस हादसे में कंटेनर चालक किशोर कुमार और खलासी आलम को हल्की झुलसन के साथ तेज बिजली का झटका भी लगा। हालांकि, दोनों ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली।
दमकल की तेजी से टला बड़ा हादसा
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां और कोल ट्रांसपोर्ट की वाटर वैन मौके पर पहुंच गईं। राहत की बात ये रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे कंटेनर के पिछले हिस्से तक आग फैलने से रोका जा सका। सूचना मिलते ही गोपीकांदर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और दमकल कर्मियों के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्य में जुट गई।
रायपुर से सिलीगुड़ी जा रहा था कंटेनर
खलासी आलम के मुताबिक, कंटेनर छत्तीसगढ़ के रायपुर से बिस्किट लोड कर पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी जा रहा था। इसी दौरान कुश्चिरा बायपास के पास 11 हजार वोल्ट के बिजली तार के संपर्क में आने से यह हादसा हो गया। फिलहाल, पूरे मामले की जांच की जा रही है।

