

चतरा : चतरा जिले के इटखोरी थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार, चौपारण थाना क्षेत्र के कर्मा गांव निवासी ऋषभ पासवान और अभिषेक पासवान अपने ननिहाल इटखोरी से बाइक से घर लौट रहे थे। तभी परसोनी चौक के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।





इस हादसे में कार सवार हिमांशु कुमार, टंडवा निवासी और विक्रम कुमार ,पत्थलगड़ा निवासी भी बुरी तरह घायल हो गए। बताया जा रहा है कि दोनों पेशे से वीडियोग्राफर हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद मृतकों के परिवार में शोक का माहौल है और पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
