
रांची : हजारीबाग से भाजपा सांसद मनीष जायसवाल ने सोमवार को रामगढ़-हजारीबाग समाहरणालय स्थित उपायुक्त सभागार में रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर परिसर के विकास के लिए तैयार मास्टर प्लान की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक के दौरान जिला प्रशासन की ओर से मास्टर प्लान के प्रत्येक पहलू की विस्तृत जानकारी दी गई, जिसे मनीष जायसवाल ने ध्यानपूर्वक समझा और आवश्यक सुझाव दिए।
यह सुनिश्चित किया गया है कि यह विकास योजना भक्तों, पंडा समाज और स्थानीय दुकानदारों के हितों को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है, ताकि सभी के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सके।
साथ ही, जिन दुकानदारों का विस्थापन हुआ है, उनके लिए फिलहाल जिला प्रशासन की ओर से अस्थायी व्यवस्था की जा रही है तथा भविष्य में उन्हें प्राथमिकता के आधार पर स्थायी दुकान आवंटन का प्रावधान भी सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य है कि रजरप्पा धाम का समग्र विकास हो, श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलें और स्थानीय लोगों के हित भी सुरक्षित रहें।

