
देवघर : जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत गिधनी गांव में देर रात एक मामूली कहासुनी ने अचानक गंभीर रूप ले लिया। काली पूजा के अवसर पर आयोजित एक सामुदायिक कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया, जिससे पूजा स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
इसी दौरान हमलावरों ने गांव के विकास महतो पर फरसा से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण वह मौके पर ही गिर पड़े और बुरी तरह घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तुरंत देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घायल विकास महतो की पत्नी रेखा देवी ने आरोप लगाया है कि यह हमला पुरानी रंजिश के चलते किया गया है। वहीं, विकास गुप्ता ने भी हमलावरों की पहचान होने का दावा किया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

