
हजारीबाग: हजारीबाग जिले में मंगलवार को चौपारण थाना क्षेत्र के चोरदाहा पिकेट के पास नेशनल हाइवे पर सरिया लदा एक चलती ट्रक अचानक आग की चपेट में आ गया। घटना उस वक्त हुई जब ट्रक सामान्य रूप से सड़क पर आगे बढ़ रहा था, तभी अचानक उसके अगले हिस्से से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं। स्थिति को भांपते हुए ड्राइवर और खलासी ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह जलकर खाक हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और इसकी सूचना स्थानीय पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी गई।
मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक ट्रक का काफी हिस्सा जल चुका था। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

