
नई दिल्ली : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वीरवार को कहा कि ऑपरेशन सिंदूर आतंकवाद के खिलाफ भारत के अटूट संकल्प का निर्णायक प्रमाण है और ”भारत” को धमकी देने वालों का मजबूती से जवाब देने के लिए देश सतर्क, एकजुट और पूरी तरह तैयार है। मुर्मू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”इस मिशन की असाधारण सफलता हमारी सशस्त्र सेनाओं के अद्वितीय साहस और दृढ़ संकल्प को दर्शाती है। पहलगाम में हुए बर्बर हमले का सटीक और करारा जवाब दिया गया।”
उन्होंने इस सैन्य कार्रवाई के एक वर्ष पूरे होने पर कहा, ”ऑपरेशन सिंदूर आतंकवाद और हमारी संप्रभुता तथा नागरिकों की सुरक्षा को खतरा पहुंचाने वाली सभी ताकतों के खिलाफ भारत के अडिग संकल्प का एक निर्णायक प्रमाण है।” राष्ट्रपति ने कहा कि जो लोग भारत को धमकाने की कोशिश करते हैं, उन्हें यह जान लेना चाहिए कि हमारा देश सतर्क, एकजुट और ताकत के साथ जवाब देने के लिए तैयार है।

