
Jamtara news : जामताड़ा में रविवार को एक अनोखा दृश्य देखने को मिला, जब पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने खुद झाड़ू उठाकर स्वच्छता अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने पुलिस लाइन और विभिन्न पुलिस कार्यालय परिसरों में अधिकारियों और जवानों के साथ मिलकर साफ-सफाई की।
अभियान के तहत कार्यालय परिसर, बैरक, रास्तों और आसपास के क्षेत्रों की सफाई की गई और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया।
पुलिसकर्मियों को खुद सफाई करने का निर्देश
शंभु कुमार सिंह ने इस मौके पर कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण न सिर्फ कार्यक्षमता बढ़ाता है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी जरूरी है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि वे अपने कार्यालय और रहने के स्थान की नियमित रूप से खुद सफाई करें और स्वच्छता के प्रति जागरूक रहें।
उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस को समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने में भी भूमिका निभानी चाहिए।
समाज में दिया गया सकारात्मक संदेश
एसपी की इस पहल की जिलेभर में सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि जब पुलिस अधिकारी खुद आगे बढ़कर सफाई करेंगे, तो इससे आम जनता में भी स्वच्छता को लेकर जागरूकता बढ़ेगी और एक सकारात्मक संदेश जाएगा।

