
PM Modi Security Breach : बेंगलुरु में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यात्रा से पहले सुरक्षा व्यवस्था उस समय सख्त हो गई जब उनके प्रस्तावित काफिले के मार्ग के पास जिलेटिन की छड़ें बरामद हुईं। यह घटना कनकपुरा रोड के कग्गलीपुरा क्षेत्र के थाथागुनी इलाके में सामने आई, जो आर्ट ऑफ लिविंग केंद्र के नजदीक है।
सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड ने इलाके की गहन जांच की और पूरे क्षेत्र को घेर लिया गया। शुरुआती जांच में पता चला कि विस्फोटक सामग्री को पुल के पास एक कंपाउंड वॉल के किनारे फेंका गया था।
इसी बीच एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है, जिससे गुप्त स्थान पर पूछताछ जारी है। पुलिस को शुरुआती जांच में यह भी पता चला कि आरोपी ने पहले भी वीआईपी दौरों के दौरान धमकी भरे कॉल किए थे, जिसके चलते उसकी मानसिक स्थिति को लेकर पहले भी सवाल उठ चुके हैं।
घटना की शुरुआत एक धमकी भरे फोन कॉल से हुई थी, जिसमें एचएएल हवाई अड्डे और आर्ट ऑफ लिविंग सेंटर के आसपास संभावित धमाके की चेतावनी दी गई थी। हालांकि एचएएल इलाके में कुछ नहीं मिला, लेकिन कनकपुरा रोड पर जिलेटिन मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं।
फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि विस्फोटक सामग्री वहां कैसे पहुंची और क्या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश है या यह केवल एक व्यक्तिगत हरकत थी। इसके साथ ही पूरे विस्फोटक सप्लाई नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

