
Jewellery Stocks Fall : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से लोगों को एक साल तक गैर-जरूरी सोना खरीदने से बचने की अपील के बाद सोमवार को ज्वेलरी कंपनियों के शेयरों में भारी गिरावट दर्ज की गई। निवेशकों को आशंका है कि इस सलाह का असर सोने की मांग पर पड़ सकता है, जिससे कारोबार प्रभावित हो सकता है।
प्रधानमंत्री ने हैदराबाद में एक कार्यक्रम के दौरान लोगों से ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों को प्राथमिकता देने और विदेशी वस्तुओं पर गैर-जरूरी खर्च कम करने की अपील की थी। इसी क्रम में उन्होंने सोने की नई खरीद टालने की सलाह दी, ताकि विदेशी मुद्रा पर दबाव कम किया जा सके।
प्रधानमंत्री की इस टिप्पणी के बाद ज्वेलरी सेक्टर की कई बड़ी कंपनियों के शेयरों में गिरावट देखने को मिली। Titan Company, Kalyan Jewellers और Senco Gold समेत कई कंपनियों के शेयरों में तेज बिकवाली दर्ज की गई।
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि यदि लोग नई खरीद के बजाय पुराने गहनों के एक्सचेंज की ओर बढ़ते हैं, तो ज्वेलरी कंपनियों के कारोबार मॉडल पर असर पड़ सकता है। इससे कंपनियों की कमाई सोने की बिक्री के बजाय मेकिंग चार्ज और सर्विस फीस पर अधिक निर्भर हो सकती है।
इस बीच विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री की अपील पर सवाल उठाते हुए इसे आर्थिक प्रबंधन की विफलता बताया। वहीं ज्वेलरी उद्योग से जुड़े कई संगठनों ने चिंता जताई है कि लंबे समय तक मांग प्रभावित होने से लाखों लोगों के रोजगार पर असर पड़ सकता है।
हालांकि, उद्योग जगत के कुछ प्रतिनिधियों का मानना है कि भारतीय समाज में सोने की सांस्कृतिक और पारिवारिक अहमियत इतनी गहरी है कि इसकी खरीद पूरी तरह बंद होना मुश्किल है, खासकर शादी-विवाह के मौसम में।

