
गुमला : गुमला जिले के भरनो प्रखंड स्थित अमलीया और अंबाटोली गांव में जंगली हाथी के उत्पात से हालात बिगड़ गए हैं। जंगल से निकलकर गांव पहुंचे एक हाथी ने एक ग्रामीण के घर को बुरी तरह नुकसान पहुंचाया। इतना ही नहीं, उसने आसपास के खेतों में लगी सब्जी की फसल को भी रौंदकर पूरी तरह बर्बाद कर दिया। घटना के बाद प्रभावित परिवार ने वन विभाग से स्थायी समाधान की मांग की है।
मकान तोड़ा, चावल खाया, घर का सामान भी किया तहस-नहस
जानकारी के मुताबिक, बीती रात अमलीया जंगल की ओर से एक हाथी गांव में घुस आया। हाथी सीधे अंबाटोली निवासी सुलेंद्र उरांव के घर पहुंचा और मिट्टी से बने उनके मकान को तोड़ना शुरू कर दिया। हाथी ने दीवारों को जोरदार धक्का मारकर गिरा दिया, जिससे घर का एक हिस्सा ढह गया। इसी दौरान घर में रखा एक बोरा चावल भी हाथी खा गया। दीवार गिरने से अंदर रखे बर्तन और अन्य घरेलू सामान भी पूरी तरह टूट-फूट गए। घटना के वक्त सुलेंद्र उरांव घर के अंदर ही मौजूद थे। हाथी को अचानक सामने देख उन्होंने किसी तरह भागकर दूसरे कमरे में छिपकर अपनी जान बचाई। हाथी के गांव से बाहर निकलने के बाद ही वह सुरक्षित बाहर आ पाए। ग्रामीणों का कहना है कि अगर वह समय रहते नहीं भागते, तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद पूरे गांव में डर का माहौल है और लोग रातभर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई महीनों से इस इलाके में जंगली हाथियों की आवाजाही बढ़ गई है। कभी फसलें बर्बाद हो रही हैं तो कभी घरों को नुकसान पहुंच रहा है। प्रभावित ग्रामीण सुलेंद्र उरांव ने वन विभाग से जल्द मुआवजा देने की मांग की है।
वन विभाग पहुंचा गांव, ग्रामीणों को दिए टॉर्च और पटाखे
घटना की जानकारी मिलते ही सोमवार को वन विभाग की टीम गांव पहुंची। वनरक्षक अकील अहमद ने प्रभावित परिवार से मुलाकात कर नुकसान का जायजा लिया और उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। सुरक्षा के लिए विभाग की ओर से ग्रामीणों को टॉर्च और पटाखे भी दिए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर हाथियों को गांव से दूर भगाया जा सके। इसके साथ ही ग्रामीणों को सतर्क रहने और हाथी दिखने पर तुरंत वन विभाग को सूचना देने की अपील की गई है।

