Koderma News: कोडरमा थर्मल पावर स्टेशन में आग से हड़कंप, कन्वेयर बेल्ट को पहुंचा नुकसान

News Aroma Desk
2 Min Read
Koderma News: कोडरमा थर्मल पावर स्टेशन में आग से हड़कंप, कन्वेयर बेल्ट को नुकसान
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Koderma News: झारखंड के कोडरमा जिले में स्थित डीवीसी के कोडरमा थर्मल पावर स्टेशन (KTPS), बांझेडीह में शनिवार को अचानक आग लगने से प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आग प्लांट के कोयला ढुलाई क्षेत्र में लगे सीएचपी (CHP) कन्वेयर बेल्ट में लगी। आग की लपटें उठते ही अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया।

गर्म कोयले से आग लगने की आशंका

मिली जानकारी के अनुसार, घटना प्लांट के टीपी-3 के पास स्थित सीएचपी एरिया की है। बताया जा रहा है कि कोयला वैगन से ढुलाई के दौरान गिरे गर्म कोयले के कारण कन्वेयर बेल्ट में आग लगने की आशंका है। देखते ही देखते आग ने बेल्ट के एक हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना के बाद प्लांट के अधिकारियों और कर्मचारियों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

कन्वेयर बेल्ट को नुकसान, जांच शुरू

आग लगने से कन्वेयर बेल्ट को काफी नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है। घटना के बाद प्लांट प्रबंधन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। साथ ही, क्षतिग्रस्त कन्वेयर बेल्ट और अन्य संभावित नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

गौरतलब है कि बांझेडीह स्थित डीवीसी का कोडरमा थर्मल पावर स्टेशन कोयले पर आधारित बिजली उत्पादन करता है। प्लांट में कोयले की आपूर्ति और ढुलाई के लिए कन्वेयर बेल्ट अहम भूमिका निभाती है।

Share This Article