Deoghar Cyber Crime: देवघर में सात साइबर ठग गिरफ्तार, फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लगाते थे चूना, 11 मोबाइल और सिम बरामद

देवघर के सारठ में पुलिस की छापेमारी में सात साइबर ठग गिरफ्तार, फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर और APK फाइल से करते थे ठगी, 11 मोबाइल व सिम बरामद।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Deoghar: देवघर पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी को सारठ थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पकड़ा। आरोप है कि ये लोग ऑनलाइन कंपनियों के फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों से ठगी करते थे। इनके पास से 11 मोबाइल फोन और 11 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई एसपी प्रवीण पुष्कर को मिली गुप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार को की गई। डीएसपी कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में गठित टीम ने छापेमारी कर सात युवकों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की हुई पहचान

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अर्जुन दास, सगीर अंसारी, अताउल अंसारी, सराफत अली, अकरामुल अंसारी, लतीफ अंसारी और शमीम मियां के रूप में की है। सभी आरोपी देवघर जिले के रहने वाले हैं।

पुलिस ने इनके पास से 11 मोबाइल फोन और 11 सिम कार्ड जब्त किए हैं। शुरुआती जांच में जब्त मोबाइल फोन और उनके IMEI नंबर का संबंध दूसरे राज्यों में दर्ज साइबर ठगी की शिकायतों से सामने आया है।

फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर करते थे ठगी

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे फ्लिपकार्ट, अमेजन पे, गूगल पे और फोनपे जैसी कंपनियों के फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। इसके बाद अलग-अलग तरीकों से उनके बैंक खातों से पैसे निकाल लेते थे।

इसके अलावा आरोपी पीएम किसान योजना, बिजली बिल भुगतान और आरटीओ चालान के नाम पर लोगों को फर्जी APK फाइल भेजते थे। इन फाइलों के जरिए मोबाइल का एक्सेस हासिल कर साइबर ठगी को अंजाम देने का आरोप है।

एयरटेल पेमेंट्स बैंक के नाम पर भी ठगी

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी एयरटेल पेमेंट्स बैंक का अधिकारी बनकर लोगों को फोन करते थे और उन्हें झांसे में लेकर ठगी करते थे।

इस छापेमारी अभियान में साइबर थाना के इंस्पेक्टर बिशेश्वर कुमार, सारठ थाना प्रभारी दीपक कुमार साह समेत पुलिस बल के जवान शामिल थे। पुलिस अब जब्त मोबाइल और सिम कार्ड के आधार पर आरोपियों से जुड़े अन्य साइबर अपराधों की जांच कर रही है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।