Ranchi News: रांची में अवैध मीट के दुकानों पर शिकंजा, हाईटेक स्लॉटर हाउस तैयार

News Aroma Desk
2 Min Read
Ranchi News: 5 दिसंबर से शुरू होगा कांके के अत्याधुनिक स्लॉटर हाउस का ट्रायल रन
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
Ranchi News: शहरवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण मांस उपलब्ध कराने के लिए रांची नगर निगम ने तैयारी तेज कर दी है। कांके में पांच एकड़ जमीन पर बनाए गए अत्याधुनिक स्लॉटर हाउस का ट्रायल रन 5 दिसंबर से शुरू होगा। नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने स्लॉटर हाउस का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों और एजेंसी को जरूरी निर्देश दिए हैं।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने एजेंसी को स्लॉटर हाउस से जुड़े सभी लंबित कार्य तय समयसीमा के भीतर पूरा करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय पर काम पूरा नहीं हुआ, तो संबंधित एजेंसी को ब्लैकलिस्ट किया जा सकता है।

आधुनिक मशीनों से होगी पशुओं की कटाई और सफाई

स्लॉटर हाउस में पशुओं के वध, मांस की कटाई और सफाई के लिए अत्याधुनिक मशीनें लगाई गई हैं। यहां पशुओं का वध करने से पहले पशु चिकित्सक उनकी मेडिकल जांच करेंगे। इसके साथ ही मांस की गुणवत्ता और स्वच्छता बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

शहर की मांस दुकानों तक साफ और सुरक्षित मांस पहुंचाने के लिए दो डीप फ्रीजर युक्त वाहनों की व्यवस्था भी की गई है। इससे मांस के परिवहन के दौरान उसकी गुणवत्ता बनाए रखने में मदद मिलेगी।

हलाल और झटका दोनों विधियों की सुविधा

नगर निगम की योजना के मुताबिक, आम नागरिक भी निर्धारित शुल्क देकर अपने पशुओं का हलाल या झटका विधि से वध करा सकेंगे। इस सुविधा के जरिए लोग निर्धारित मानकों के तहत पशु वध करा पाएंगे।

नगर निगम का उद्देश्य शहर में अवैध और अस्वच्छ तरीके से संचालित मांस दुकानों पर नियंत्रण स्थापित करना भी है। स्लॉटर हाउस के नियमित संचालन से मांस की गुणवत्ता, स्वच्छता और पशु वध की प्रक्रिया को व्यवस्थित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

 

Share This Article