रांची : प्रदेश राजद प्रवक्ता सह एचइसी नागरिक परिषद अध्यक्ष कैलाश यादव ने एचईसी की बदहाली को लेकर केंद्र सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि बीते 32 -34 महीनों से एचईसी के कर्मचारियों और अधिकारियों को नियमित वेतन नहीं दिया जा रहा है। पर केंद्र की मोदी सरकार आंख में पट्टी बांध कर सोयी है। श्री यादव ने कहा कि केंद्र में मोदी सरकार काफी मजबूत है। रांची लोकसभा सहित झारखंड से अनेकों लोग लोकसभा और राज्यसभा सांसद के रूप प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। बावजूद एचईसी की बदहाली पर सभी चुप है। मतलब स्पष्ट है कि एचईसी के जीर्णोद्वार को लेकर केंद्र सरकार की नीयत ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से एक सुनियोजित योजना के तहत एचईसी को बंद करने की दिशा में काम कर रही है।



