एचईसी को बचाने के लिए केंद्र सरकार कब जागेगी : राकेश सिन्हा

एचईसी की बदहाली और बिजली संकट पर कांग्रेस नेता राकेश सिन्हा ने बाबूलाल मरांडी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर संस्थान के पुनरुद्धार की मांग उठाने का आग्रह किया।

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : कांग्रेस के प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने HEC की बदहाली और बिजली आपूर्ति ठप होने पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखने का आग्रह किया है। उन्होंने शनिवार को कहा कि सरकार को विभिन्न मुद्दों पर पत्र लिखकर सवाल पूछना, जवाबदेही तय करना और जनहित के विषयों को उठाना विपक्ष का लोकतांत्रिक दायित्व है। आप अक्सर राज्य सरकार को पत्र लिखते हैं और सरकार से जवाब मांगते हैं। लेकिन आज झारखंड की एक ऐसी औद्योगिक धरोहर, जिसने देश के विकास और आत्मनिर्भरता की नींव रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, पूरी तरह संकट में है। उन्होंने कहा कि एचईसी को बचाने के लिए केंद्र सरकार कब जागेगी।

श्री सिन्हा ने कहा कि एचईसी (Heavy Engineering Corporation), जिसे देश का मदर प्लांट कहा जाता है, आज बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण अंधकार में डूब गया है। यह सिर्फ एक औद्योगिक संस्थान की समस्या नहीं, बल्कि झारखंड की औद्योगिक पहचान, हजारों कर्मचारियों के भविष्य और देश की औद्योगिक क्षमता से जुड़ा गंभीर सवाल है। बाबूलाल मरांडी को राज्य सरकार को पत्र लिखने के साथ-साथ एक पत्र देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखना चाहिए और उनसे पूछना चाहिए कि आखिर देश के मदर प्लांट एचईसी की यह दुर्दशा क्यों है? केंद्र सरकार की जिम्मेदारी क्या है? जिस संस्थान ने देश के अंतरिक्ष, रक्षा, रेलवे, भारी उद्योग और अनेक राष्ट्रीय परियोजनाओं में अपना योगदान दिया, आज उसे बिजली जैसी बुनियादी जरूरत के लिए संघर्ष क्यों करना पड़ रहा है?

क्या एचईसी को इस तरह दम तोड़ने के लिए छोड़ दिया जाएगा? क्या केंद्र सरकार की औद्योगिक नीति में झारखंड के इस ऐतिहासिक संस्थान के लिए कोई स्थान नहीं है? क्या प्रधानमंत्री जी इस संस्थान के पुनरुद्धार, कर्मचारियों के बकाया भुगतान और नियमित उत्पादन को लेकर कोई ठोस पहल करेंगे? झारखंड की जनता यह जानना चाहती है कि एचईसी को बचाने के लिए केंद्र सरकार कब जागेगी?

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।