बंद पड़े पेट्रोल पंप के पास संदिग्ध हालत में मिला ट्रक
बालूमाथ थाना प्रभारी अनुभव सिन्हा के मुताबिक, रांची-चतरा मुख्य मार्ग पर थाना क्षेत्र के टमटम टोला स्थित एक पुराने और बंद पड़े पेट्रोल पंप के पास कोयला लदा ट्रक संदिग्ध अवस्था में मिला। मौके पर ट्रक का ड्राइवर, खलासी और मालिक मौजूद नहीं थे।

इसके बाद पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली और कोयले के स्वामित्व तथा परिवहन से जुड़े दस्तावेजों का जिला खनन पदाधिकारी से सत्यापन कराया। जांच में कोयले का अवैध तरीके से परिवहन किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद ट्रक को जब्त कर पुलिस पिकेट लाया गया।

पुलिस ने कोल माइंस एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।
CISF की तैनाती के बाद पहली बड़ी संयुक्त कार्रवाई
मगध-अम्रपाली कोयला क्षेत्र में CISF की तैनाती के करीब दो महीने बाद बालूमाथ पुलिस के साथ यह पहला बड़ा संयुक्त अभियान माना जा रहा है। अभियान का नेतृत्व CISF की ओर से उप कमांडेंट के.के. वानखेम और बालूमाथ थाना प्रभारी अनुभव सिन्हा ने किया।
छापेमारी में CISF के जवानों के अलावा बालूमाथ थाना के पुलिस पदाधिकारी गौतम कुमार, देवमंगल कुमार और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार पर रोक लगाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। अब देखना होगा कि सुरक्षा एजेंसियों और प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से इस कारोबार पर कितनी प्रभावी रोक लग पाती है।


