
Armed Robbery Attempt : रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र में यात्री बस में लूटपाट और चालक पर फायरिंग की कोशिश करने वाले चार अपराधियों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की सतर्कता और मौके पर मौजूद जवानों की तत्परता से एक बड़ी आपराधिक घटना टल गई।
जानकारी के अनुसार, आरोपी एक यात्री बस में चढ़कर चालक से लूटपाट करने का प्रयास कर रहे थे। विरोध करने पर बदमाशों ने चालक पर गोली चला दी, लेकिन चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए झुककर अपनी जान बचा ली। घटना में चालक बाल-बाल बच गया।
फायरिंग की आवाज सुनते ही पास में मौजूद पीसीआर-5 और ट्रैफिक पुलिस के जवान तुरंत मौके पर पहुंचे और हथियार के साथ एक आरोपी कुंदन कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर पुलिस ने अभिजीत कुमार उर्फ हनी सिंह और नितिन पांडे को भी दबोच लिया।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि घटना में इस्तेमाल हथियार गोलू राम ने उपलब्ध कराया था। इसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी कुंदन कुमार का आपराधिक इतिहास रहा है और प्रारंभिक जांच में पता चला है कि वारदात से पहले सभी आरोपी अरगोड़ा चौक पर मौजूद थे और पार्टी कर रहे थे।
पुलिस का कहना है कि अपराधियों को घटना से कुछ समय पहले ही हथियार मिला था। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

