
Vat Savitri Vrat : झारखंड समेत देशभर में शनिवार को वट सावित्री व्रत वट सावित्री व्रत श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। राजधानी रांची सहित विभिन्न जिलों में इसकी तैयारियां तेज हो गई हैं। सुहागिन महिलाएं पति की लंबी आयु, सुख-समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना के लिए व्रत रखेंगी।
शनि अमावस्या और शनि जयंती का भी संयोग
इस बार वट सावित्री व्रत के दिन अमावस्या का विशेष संयोग बन रहा है। शनिवार रात 1:37 बजे तक अमावस्या तिथि रहने के कारण इस दिन शनि जयंती शनि जयंती भी मनाई जाएगी। श्रद्धालु स्नान, दान और पूजा-अर्चना करेंगे।
वट वृक्ष की पूजा कर पति की लंबी उम्र की कामना
व्रत के दौरान महिलाएं सुबह स्नान के बाद मंदिरों या वट वृक्ष के पास जाकर पूजा-अर्चना करेंगी। वट वृक्ष की परिक्रमा कर उसमें सूत लपेटेंगी और व्रत कथा सुनेंगी। पूजा के बाद बड़ों और पति का आशीर्वाद लेकर प्रसाद ग्रहण किया जाएगा।
नवविवाहितों के घरों में विशेष तैयारी
नवविवाहित महिलाओं के ससुराल में पर्व को लेकर खास तैयारी की जा रही है। कई जगह मायके से पूजन सामग्री, मिठाई और सुहाग का सामान भेजा जा रहा है। पूजा के अवसर पर मेहमानों को निमंत्रण देने की परंपरा भी निभाई जा रही है।
बाजारों में बढ़ी खरीदारी
व्रत को लेकर बाजारों में पूजन सामग्री, सुहाग सामान, बांस के पंखे और फलों की खरीदारी तेज हो गई है। आम, केला, लीची, तरबूज समेत अन्य फलों की बिक्री बढ़ी है। राजधानी के विभिन्न शनि मंदिरों में शनि अमावस्या के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना और कई स्थानों पर भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा।

