
Garhwa News : झारखंड के गढ़वा जिले में बीते दो दिनों से जारी आंधी-तूफान, मूसलाधार बारिश और वज्रपात ने भारी तबाही मचाई है। अलग-अलग घटनाओं में अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। तेज तूफान के कारण कई घर क्षतिग्रस्त हो गए और बड़े-बड़े पेड़ जड़ से उखड़कर गिर पड़े।
वज्रपात में बच्ची की मौत, दो घायल
गढ़वा सदर थाना क्षेत्र के जुटी गांव में अचानक मौसम बदलने के बाद वज्रपात की घटना में 12 वर्षीय समृणा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया गया कि हादसे के समय लोग आम चुनने गए थे। घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पेड़ गिरने से व्यक्ति की मौत
शहर के टंडवा मोड़ के पास एक व्यक्ति गाय का दूध दुह रहा था, तभी तेज आंधी के दौरान पेड़ गिरने से उसकी दबकर मौत हो गई। इस हादसे में दो पशुओं की भी जान चली गई।
घर गिरने से 12 वर्षीय बच्चे की दर्दनाक मौत
बिशुनपुरा थाना क्षेत्र के सारो गांव में तेज चक्रवाती तूफान और वज्रपात के दौरान मिट्टी का घर गिरने से 12 वर्षीय आदित्य बियार मलबे में दब गया। घटना के समय वह घर में सो रहा था। ग्रामीणों ने मलबा हटाकर उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
कई गांवों में भारी नुकसान
तूफान के कारण कई गांवों में महुआ और आम के पेड़ उखड़ गए, घरों के खपरैल और टीन की छतें उड़ गईं। रंका क्षेत्र में मंदिर परिसर के पास करीब 300–400 वर्ष पुराने अशोक और शमी के पेड़ भी तेज आंधी में गिर गए, जिन्हें ऐतिहासिक और धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता था।
प्रशासन अलर्ट, नुकसान का आकलन जारी
घटनाओं के बाद स्थानीय प्रशासन राहत और नुकसान के आकलन में जुट गया है। प्रभावित क्षेत्रों में लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।

