

रांची: राजधानी में नशाखोरी, हुड़दंग और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए रांची पुलिस ने शनिवार रात बड़ा जांच अभियान चलाया। शहर के 50 से ज्यादा संवेदनशील स्थानों पर एक साथ पुलिस की टीम पहुंची और संदिग्ध लोगों की जांच की। इस दौरान 100 से अधिक लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।





पुलिस का यह अभियान सार्वजनिक स्थानों पर खुले में शराब पीने, नशा करने, बेवजह जमावड़ा लगाने और आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए चलाया गया।
चौक-चौराहों से लेकर सुनसान इलाकों तक जांच
अभियान के दौरान पुलिस ने फिरायालाल चौक, अल्बर्ट एक्का चौक और मेन रोड समेत शहर के कई प्रमुख बाजारों और चौक-चौराहों पर जांच की। इसके अलावा OTC ग्राउंड, DIG ग्राउंड और मोरहाबादी मैदान में भी संदिग्ध लोगों की जांच की गई।
पुलिस की टीम ने धुर्वा स्मार्ट सिटी परिसर, रिंग रोड के आसपास के सुनसान इलाकों, खाली प्लॉट और अंधेरे वाले रास्तों पर भी विशेष निगरानी रखी।
शराब दुकानों के आसपास, ढाबों, गुमटियों और नुक्कड़ों पर भी पुलिस ने जांच की। इस दौरान खुले में शराब पीने, संदिग्ध तरीके से घूमने और हुड़दंग करने वाले लोगों को पकड़ा गया।
100 से ज्यादा लोगों पर कार्रवाई
पुलिस ने पकड़े गए लोगों के नाम-पते दर्ज किए और उन्हें दोबारा इस तरह की गतिविधियों में शामिल नहीं होने की चेतावनी दी। पुलिस ने साफ किया कि सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी और अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
DSP से लेकर थाना प्रभारी तक रहे मैदान में
अभियान की निगरानी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने रियल टाइम में की। कई डीएसपी खुद मौके पर मौजूद रहे और थाना प्रभारियों व सशस्त्र पुलिस बल के साथ अलग-अलग इलाकों में जांच की।
इस दौरान संदिग्ध लोगों की तलाशी लेने के साथ वाहनों की भी जांच की गई। सार्वजनिक स्थानों पर बेवजह जमा लोगों को वहां से हटाया गया।
पुलिस के मुताबिक, इस अभियान का मकसद राजधानी में असामाजिक तत्वों, मनचलों और आदतन अपराधियों पर लगाम लगाना है। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।
