नशे की लत ने बनाया अपराधी, एक ही रात हत्या-लूट और चोरी की वारदात, दो गिरफ्तार

नशे की लत ने दो युवकों को अपराध की राह पर धकेला, रांची में एक ही रात हत्या, लूट और चोरी की तीन वारदातों के बाद दोनों गिरफ्तार किए गए।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों ने 26 अगस्त की रात रांची में एक के बाद एक तीन आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुजीत कुमार गुप्ता और राकेश कुमार यादव के रूप में हुई है। दोनों सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के विद्या नगर के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

बड़ा तालाब के पास की थी हत्या

पुलिस के मुताबिक, 26 अगस्त की रात बड़ा तालाब के पास आरोपियों ने उपेंद्र कुमार मिश्रा को अपना निशाना बनाया। पहले उनके साथ लूटपाट की गई और विरोध करने पर चाकू से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल उपेंद्र कुमार मिश्रा की बाद में मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची और दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

हत्या के बाद अरगोड़ा में भी वारदात

पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि हत्या के बाद दोनों आरोपी अरगोड़ा थाना क्षेत्र पहुंचे थे। वहां उन्होंने एक ट्रक ड्राइवर प्रभु यादव से लूटपाट की कोशिश की। विरोध करने पर चाकू से हमला कर ट्रक ड्राइवर को घायल कर दिया।

इसके अलावा, इसी रात चोरी की एक अन्य घटना को अंजाम देने का भी आरोप दोनों पर है। इस तरह पुलिस के अनुसार, एक ही रात में हत्या, लूट की कोशिश और चोरी की तीन घटनाएं सामने आई हैं।

नशे की लत पूरी करने के लिए करते थे वारदात

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी नशे के आदी हैं। नशे की लत पूरी करने के लिए वे लोगों को निशाना बनाकर मोबाइल और दूसरे सामान लूटते थे। इसी दौरान विरोध करने पर चाकू से हमला करने की बात भी सामने आई है।

फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इनके साथ इस तरह की वारदात में और कौन लोग शामिल हैं।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।